सच्चा पाठक वह होता है, जो अपनी अभिरुचि के अनुसार विषयों का चयन करके पढ़ता है तथा उनमें निहित भावों और विचारों से स्वयं को जोड़ता है। वह साहित्य में व्याप्त ग्रहणशील तत्त्वों को अपने जीवन में आत्मसात कर अपनी दृष्टि और संवेदना को समृद्ध करता है। इस प्रकार सुधी एवं संवेदनशील पाठक न केवल अपने बौद्धिक विकास में योगदान देता है, बल्कि समाज को दिशा प्रदान करने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पाठकीयता की सार्थकता केवल पठन तक सीमित नहीं, बल्कि विचारों के आत्मसातीकरण और उनकी सामाजिक प्रासंगिकता को समझने में निहित है।
डॉ. जसवंत सिंह जनमेजय ऐसे ही सुधी पाठकों में हैं, जिनकी पठन-पाठन में गहरी रुचि है। वे केवल साहित्य का अध्ययन नहीं करते, बल्कि रचनाओं और विचारों पर अपनी बेबाक राय भी प्रस्तुत करते हैं। उनकी रचनात्मक सूझ और स्पष्ट अभिव्यक्ति पाठकीय संवेदनशीलता को सक्रिय वैचारिक हस्तक्षेप का रूप प्रदान करती है। किसी रचना को पढ़ना, उसके भावों को समझना और उसके संबंध में स्वतंत्र मत प्रस्तुत करना एक जागरूक पाठक के प्रमुख गुण हैं, जो डॉ. जनमेजय के व्यक्तित्व में परिलक्षित होते हैं।

पुस्तक का शीर्षक :
पत्रकारिता में प्रतिक्रिया : एक पाठक की कलम से (भाग–1)
ISBN : 978-93-91916-01-5
लेखक : डॉ. जसवंत सिंह जनमेजय
संपादक : डॉ. ममता देवी
प्रकाशक : स्वराज प्रकाशन, 4648/1, 21, अंसारी रोड, दरियागंज, नई दिल्ली–110002
संपर्क : 9810687538, 9968629836
मूल्य : ₹395.00
लेखक, पाठक और समाज का संबंध परस्पर पूरक है। लेखक अपने भावों एवं विचारों को रचना के माध्यम से अभिव्यक्त करता है, पाठक उनका ग्रहण, विश्लेषण और मूल्यांकन करता है तथा समाज इस वैचारिक प्रक्रिया का व्यापक संदर्भ निर्मित करता है। इस प्रकार यह त्रिकोण एक-दूसरे का आलोचक होने के साथ-साथ एक-दूसरे का पूरक भी है। पाठकीय प्रतिक्रिया लेखक को अपनी अभिव्यक्ति के सामाजिक प्रभावों से परिचित कराती है और साहित्यिक संवाद को अधिक व्यापक बनाती है। एक संवेदनशील पाठक अपनी स्वतंत्र दृष्टि और विचारपूर्ण प्रतिक्रिया के माध्यम से साहित्य तथा समाज के बीच सार्थक संबंध स्थापित कर सकता है।
अतः सच्चा पाठक केवल साहित्य का ग्रहणकर्ता नहीं, बल्कि वैचारिक संवाद का सक्रिय सहभागी भी होता है। वह अपनी प्रतिक्रियाओं के माध्यम से लेखक के विचारों को व्यापक सामाजिक संदर्भ प्रदान करता है और अपनी संवेदना एवं विवेक से साहित्यिक चेतना के विकास में योगदान देता है। डॉ. जसवंत सिंह जनमेजय एक सुधी पाठक के रूप में इस भूमिका का सफल निर्वाह करते हैं। उनकी पाठकीय सक्रियता इस तथ्य को रेखांकित करती है कि लेखक, पाठक और समाज के बीच जीवंत संवाद साहित्य की सार्थकता को विस्तृत करता है। ◾◾◾